आज रन फॉर यूनिटी को मद्देनजर रखते हुए जिला प्रशासन ने शहर में नो एंट्री के समय में फेरबदल किया है। नए आदेश के मुताबिक आज शहर में सुबह चार बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा। उपायुक्त अमित कुमार, एसएसपी अनूप टी मैथ्यू व यातायात डीएसपी सुधीर कुमार की ओर से इस बाबत संयुक्त रूप से आदेश जारी किया गया है।
आदेश में आम जनता से आग्रह किया गया है आज सुबह पांच बजे से सुबह 8.30 बजे तक टीएमएच गोलचक्कर से होटल बुलेवर्ड होते हुए वोल्टास बिल्डिंग की ओर जाने वाली बिष्टुपुर मुख्य सड़क बंद रहेगी। इसे आम जनता के लिए बंद रखा जाएगा। इसी तरह दोपहर दो बजे से संध्या 5.30 बजे तक यह सड़क पुन: आम जनता के लिए बंद रहेगी। आम जनता से अनुरोध किया गया है कि मंगलवार को निर्धारित समय पर आने-जाने के लिए बिष्टुपुर में वैकल्पिक मार्ग का उपयोग किया जाए